भोपाल , सितंबर 09 -- भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने जल संरक्षण और पर्यावरणीय स्थिरता की दिशा में पहल करते हुए धनवंतरी पार्क के निकट वर्षा जल संचयन एवं भूजल पुनर्भरण परियोजना का उद्घाटन किया। परियोजना का शुभारंभ बीएचईएल के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) हेमराम पटेल ने किया। इस अवसर पर बीएचईएल के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
परियोजना का प्रमुख हिस्सा भूजल पुनर्भरण तालाब है, जिसका उद्देश्य वर्षा जल को एकत्र कर उसे धीरे-धीरे जमीन में पहुंचाना और भूजल स्तर को पुनर्भरित करना है। परियोजना के माध्यम से वर्षा जल को बहकर व्यर्थ जाने से रोककर अधिकतम मात्रा में संरक्षित करने तथा प्राकृतिक रूप से भूजल स्रोतों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर श्री पटेल ने जल संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यह परियोजना बेहतर और सुरक्षित भविष्य के प्रति बीएचईएल की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तालाब के माध्यम से अधिक से अधिक वर्षा जल को जमीन में पहुंचाकर भूजल स्तर बढ़ाने में ठोस योगदान देने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जल शक्ति अभियान सहित विभिन्न जल संरक्षण एवं संचयन पहलों के माध्यम से देश को जल-सुरक्षित और जल आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। बीएचईएल भी इसी राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप जल संरक्षण और पर्यावरणीय स्थिरता से संबंधित विभिन्न पहलों के माध्यम से योगदान दे रहा है।
बीएचईएल के एक अधिकारी ने परियोजना के तकनीकी पक्ष की जानकारी देते हुए बताया कि रिचार्ज तालाब का निर्माण इस तरह किया गया है कि वर्षा जल की अधिकतम मात्रा संचित हो और उसे प्राकृतिक रूप से जमीन में रिसने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि वर्षा जल संचयन भूजल स्तर बढ़ाने का महत्वपूर्ण उपाय है तथा इससे दीर्घकाल में भूजल संसाधनों के संरक्षण में भी सहायता मिलेगी।
बीएचईएल के अनुसार यह परियोजना पर्यावरणीय स्थिरता, जल संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का उदाहरण है। कंपनी ने भविष्य में भी जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और सतत विकास के क्षेत्र में ऐसी पहल जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित