भोपाल , अगस्त 13 -- भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) और नॉर्वे की हाइस्टार एएस ने भारत में ग्रीन हाइड्रोजन परियोजनाओं के लिए पीईएम इलेक्ट्रोलाइजर प्रणाली के चरणबद्ध स्वदेशीकरण और स्थानीय विनिर्माण को संभव बनाने के लिए रणनीतिक समझौता किया है।
बीएचईएल की ओर से कार्यपालक निदेशक (हेवी पावर इक्विपमेंट प्लांट, हैदराबाद) वाई श्रीनिवास राव और महाप्रबंधक एवं प्रमुख (न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी बिजनेस) सुतृप्तो डे तथा हाइस्टार एएस, नॉर्वे के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फ्रेड्रिक मोविल ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर रॉयल नॉर्वेजियन दूतावास, नई दिल्ली के प्रभारी राजदूत अर्विन एकलैंड गाडगिल, बीएचईएल की निदेशक (औद्योगिक प्रणाली और उत्पाद) बानी वर्मा, निदेशक (इंजीनियरिंग, अनुसंधान एवं विकास) एस एम रामनाथन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि बीएचईएल इस वर्ष एल्कलाइन इलेक्ट्रोलाइजर प्रणाली के लिए थाइसनक्रुप न्यूसेरा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ भी रणनीतिक समझौता कर चुका है। हाइस्टार के साथ पीईएम इलेक्ट्रोलाइजर प्रणाली के लिए हुआ सहयोग बीएचईएल को देश के उन चुनिंदा भारतीय उपक्रमों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो ग्रीन हाइड्रोजन बाजार के लिए एल्कलाइन और पीईएम दोनों प्रकार के इलेक्ट्रोलाइजर समाधान उपलब्ध करा सकेंगे।
इस सहयोग से भारत में ग्रीन हाइड्रोजन परियोजनाओं के लिए बीएचईएल की परियोजना क्रियान्वयन क्षमता भी मजबूत होगी। कंपनी पावर, ट्रांसमिशन, नवीकरणीय ऊर्जा, तेल एवं गैस, परिवहन, रक्षा और एयरोस्पेस सहित विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण का अनुभव रखती है।
बीएचईएल अपनी इंजीनियरिंग, विनिर्माण और परियोजना निष्पादन क्षमताओं का उपयोग ग्रीन हाइड्रोजन सहित उभरते स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्रों में कर रही है। कंपनी के अनुसार यह समझौता राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन और भारत सरकार की मेक इन इंडिया पहल में उसके योगदान को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित