हैदराबाद , अप्रैल 09 -- तेलंगाना के पूर्व मंत्री टी. जीवन रेड्डी के 13 अप्रैल को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस ) में शामिल हो सकते हैं।

कांग्रेस के साथ अपने 42 साल के जुड़ाव को खत्म करते हुए श्री रेड्डी ने 25 मार्च को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से असंतोष को इसका कारण बताया, खासकर दलबदल के मामलों से निपटने के तरीके और वरिष्ठ नेताओं की कथित उपेक्षा को लेकर नाराजगी जतायी थी।

जगतियाल स्थित अपने आवास पर एक मीडिया को दिए साक्षात्कार में श्री रेड्डी ने कहा कि श्री के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली पिछली बीआरएस सरकार, तेलंगाना में श्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली मौजूदा कांग्रेस सरकार से बेहतर थी। इस बयान ने उनके बीआरएस में शामिल होने की संभावनाओं को लेकर अटकलों को और तेज़ कर दिया है।

उन्होंने पूर्ववर्ती बीआरएस सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि मौजूदा कांग्रेस प्रशासन अपने वादे पूरे करने में नाकाम रहा है और लोगों तथा किसानों के कल्याण की अनदेखी कर रहा है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव संयुक्त करीमनगर जिले के जन प्रतिनिधियों के साथ अपराह्न में लगभग 2.30 बजे जगतियाल स्थित श्री रेड्डी के आवास पर उनसे मुलाकात करेंगे, ताकि उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया जा सके।

इस कदम के तहत श्री रामाराव के साथ पार्टी की एक बड़ी रैली भी श्री रेड्डी के आवास पर पहुंचने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित