हनमकोंडा , अगस्त 16 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को पिछली बीआरएस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए पिछली सरकार के कथित परिवारवाद की तुलना कांग्रेस सरकार के सामाजिक न्याय और कल्याण पर आधारित प्रशासन से की।

पर्कल विधानसभा क्षेत्र में 424 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत करने के बाद 'प्रजा पालना-प्रगति बाटा' जनसभा को संबोधित करते हुए श्री रेड्डी ने कहा कि वारंगल का दमन के खिलाफ लड़ाई का लंबा इतिहास रहा है और इसने बार-बार उन नेताओं को नकारा है जो खुद को अजेय समझते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने वादों को पूरा करने के लिए दिन में 18 घंटे काम कर रही है और उसने अपने ढाई साल के कार्यकाल में किसानों के कल्याण पर लगभग एक लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने 90,000 करोड़ रुपये की कृषि उपज खरीदी है, कृषि ऋण माफ़ी और 'रायतू भरोसा' योजना लागू की है, और अच्छी किस्म के धान के लिए बोनस भी दिया है।

महिलाओं के कल्याण पर बल देते हुए श्री रेड्डी ने कहा कि उनकी सरकार ने दो महिलाओं को मंत्री बनाया है, शुन्य-ब्याज ऋण की सुविधा फिर से शुरू की है और महिलाओं के स्वयं-सहायता समूहों को छात्रों की पोशाक सिलने का काम सौंपा है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आज़ादी को बेहतर बनाने के लिए महिला समूहों को सौर उर्जा संयंत्र और पेट्रोल पंप चलाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

रोज़गार के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 72,000 सरकारी पदों पर भर्ती पूरी कर ली है, पुलिस भर्ती के लिए अधिसूचना जारी किए हैं और बेरोज़गार युवाओं के लिए उम्र सीमा में छूट दी है।

उन्होंने कहा कि हर छह महीने में खाली पदों की पहचान करके उन्हें भरा जाएगा और साथ ही बेरोजगार युवाओं से अपील की कि वे राजनीतिक बयानों से गुमराह न हों। बीआरएस पर राजनीतिक तंज कसते हुए श्री रेड्डी ने कहा कि पिछली सरकार ने परिवार हित को बढ़ावा दिया, जबकि कांग्रेस सरकार सामाजिक न्याय लागू कर रही है।

उन्होंने के. चंद्रशेखर राव और अपने कार्यकाल में हुई नियुक्तियों की तुलना करते हुए बताया कि जहां केसीआर ने परिवार के सदस्यों और करीबी सहयोगियों को अहम पदों पर नियुक्त किया, वहीं कांग्रेस सरकार ने अलग-अलग वर्गों के नेताओं को मंत्री और अन्य पद दिए; इनमें सीताक्का, कोंडा सुरेखा, अड्लुरी लक्ष्मण, कडियम काव्या, यशस्विनी, वेम नरेंद्र रेड्डी और प्रोफेसर कोडंडाराम शामिल हैं।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि वह ऐसे तथ्य और आंकड़े पेश करने के लिए तैयार हैं जिनसे पता चलेगा कि जब कोई व्यक्ति मुख्यमंत्री था, तो किसे फ़ायदा हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि विस्तृत राजनीतिक बहस के लिए सितंबर में विधानसभा की बैठक होगी।

उन्होंने लोगों से 2029 के चुनावों में कांग्रेस को और भी बड़ी जीत दिलाने की अपील की और कहा कि उनकी सरकार किसानों, महिलाओं और बेरोजगार युवाओं के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री रेड्डी ने कहा कि वह लोगों के लिए लगातार काम करते रहेंगे और कहा कि जब तक उन्हें लोगों का समर्थन हासिल है, "हजारों केसीआर" भी उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकते।

इस कार्यक्रम में मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी, दानसारी अनसूया सीताक्का और अदलुरी लक्ष्मण ने हिस्सा लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित