पटना , अक्टूबर 24 -- बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) जल्द ही वेयर इज माई बस ऐप लॉन्च करने जा रहा है, जिस पर नगर सेवा, अंतरजिला और अंतरराज्यीय सभी बसों की जानकारी और टिकट बुकिंग की सुविधा एक ही जगह मिलेगी। पटना से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल जैसे प्रमुख राज्यों के लिए चलने वाली बसों की बुकिंग को ऐप से जोड़ा जाएगा। यात्री घर बैठे सीट पसंद कर टिकट बुक कर सकेंगे और ऑनलाइन पेमेंट भी कर पाएंगे। ऐप में टिकट कैंसिलेशन और रिफंड की सुविधा भी होगी।

इस ऐप की सबसे बड़ी खासियत लाइव ट्रैकिंग होगी। यात्रियों को सरकारी बसों की लोकेशन ट्रेनों की तरह लाइव दिखेगी। बस कहां है और बस स्टैंड पहुंचने में कितना समय लगेगा, इसकी सटीक जानकारी मोबाइल पर ही मिल जाएगी। इससे यात्रियों को स्टॉप पर घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। यह सुविधा बसों में लगे जीपीएस के जरिए संभव होगी। साथ ही रूट और किराए की जानकारी भी एक क्लिक में मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित