, Sept. 12 -- मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री के समक्ष 17 सितंबर से 31 मार्च 2027 तक चलने वाले 'सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान' से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया किया इस अभियान के दो मुख्य उद्देश्य हैं- पूर्व से अवस्थित परिसंपत्तियों का उन्नयन, सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत तथा नई आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों का निर्माण। पूर्व से अवस्थित परिसंपत्तियों के उन्नयन, सुधार एवं मरम्मत के तहत साफ-सफाई, रंग-रोगन, रखरखाव, पेयजल, बिजली एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित कार्य 30 नवंबर 2028 तक पूर्ण किए जाएंगे। वहीं नई आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों का निर्माण कार्य 31 मार्च 2027 तक पूरा किया जाएगा। प्रस्तुतीकरण के दौरान वित्तीय संसाधनों के स्रोत, ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं की पहचान, ग्राम सभा, विभागवार प्रमुख कार्य तथा अनुश्रवण एवं निगरानी तंत्र के संबंध में भी मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी गई।समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि 'सेवा मेरा योगदान' के तहत स्वच्छता, विकास एवं सौंदर्गीकरण के कार्यक्रम में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम-से-कम दो स्थानों पर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 13 थीम पर आधारित है और इसके तहत कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। सभी मंत्री एवं अधिकारी इन कार्यक्रमों की विशेष रूप से तैयारी करें। 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए विकास कार्यों एवं संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए।

श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में बिहार में लगभग 50 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत भी बड़ी संख्या में पक्के मकान बनाए गए हैं। बिहार में करोड़ों लोगों को राशन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड का लाभ मिला है। इन उपलब्धियों की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रमों एवं कार्यों की समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रभारी मंत्री सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक अथवा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 30 दिनों के कार्यक्रम का कैलेंडर तैयार करना सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित