, Aug. 29 -- सहयोग पोर्टल के माध्यम से आम नागरिक कभी भी अपनी समस्या अथवा शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त सहयोग व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्राप्त करने अथवा शिकायत के संबंध में सहायता लेने के लिए निःशुल्क टोल-फ्री नंबर 1100 पर भी कार्य अवधि में संपर्क किया जा सकता है।इस व्यवस्था का उद्देश्य नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने के लिए कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर लगाने से मुक्त करना तथा उन्हें सरल, सुलभ, पारदर्शी और जवाबदेह शिकायत निवारण प्रणाली उपलब्ध कराना है।
सहयोग कार्यक्रम को ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के पहले एवं तीसरे मंगलवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों की पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाते हैं।
इन शिविरों में ग्रामीण नागरिक सीधे पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को संबंधित पदाधिकारियों के समक्ष रखते हैं। शिविरों की विशेषता यह है कि अधिकांश मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया जाता है। जिन मामलों का तत्काल निष्पादन संभव नहीं होता, उन्हें सहयोग पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड कर संबंधित विभाग अथवा पदाधिकारी को भेजा जाता है तथा उनके समयबद्ध निष्पादन की निगरानी की जाती है।
जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियो को निदेश दिया है कि प्राप्त आवेदनों का ससमय एवं गुणवत्ता के साथ निष्पादन सुनिश्चित किया जाये।
सरकार की इस पहल से प्रशासन को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचने और आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। इससे नागरिकों का समय एवं श्रम बच रहा है और स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को गति मिल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित