, March 10 -- भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि बैठक के दौरान शहर में निर्माणाधीन छह आरओबी यथा दिल्ली मोड़, दोनार चौक, पंडासराय, चट्टी चौक तथा कंगवा गुमटी के दोनों आरओबी के निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

श्री सरावगी ने बताया कि शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए इन सभी आरओबी का निर्माण दरभंगा की बहुप्रतीक्षित मांग रही है। उन्होंने बताया कि दोनार आरओबी का निर्माण फोर-वे कनेक्टिविटी के साथ किया जा रहा है। दोनार चौक से सोनकी, भठियारीसराय, कर्पूरी चौक तथा दरभंगा रेलवे स्टेशन की ओर चार दिशाओं में रास्ते उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि यह टू-लेन आरओबी होगा, जिसके ऊपर से एलिवेटेड कॉरिडोर भी गुजरेगा। यह आरओबी दरभंगा के सबसे व्यस्त इलाके में स्थित है, जहां हर दिन जाम की समस्या बनी रहती है। आरओबी के निर्माण से प्रतिदिन हजारों लोगों को राहत मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी।

श्री सरावगी ने बताया कि शहर के तीनों ऐतिहासिक तालाब हराही, दिग्घी और गंगासागर के एकीकरण व सौंदर्यीकरण का कार्य भी अब बिहार पुल निर्माण निगम द्वारा किया जाएगा। बैठक में इन तीनों तालाबों के एकीकरण का कार्य शीघ्र आरंभ कराने की बात कही गई। उन्होंने बताया कि तीनों तालाब के चारों तरफ नई तकनीक के साथ निर्माण कार्य होगा। वहीं शिवधारा से हरपुर तक जाने वाली 4.40 किमी लंबी सड़क के चौड़ीकरण का कार्य भी जल्द शुरू होगा। उन्होंने कहा कि बैठक में दरभंगा टावर सहित शहर की कई अन्य प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण को लेकर भी समीक्षा की गई।

‎ दरभंगा नगर विधायक श्री सरावगी ने कहा कि दरभंगा का सर्वांगीण विकास, शहर को जाम से मुक्ति दिलाना तथा आधुनिक, सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था से सुसज्जित करना उनका वर्षों पुराना संकल्प रहा है। जनता के सहयोग से आज इन परियोजनाओं को गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी परियोजनाओं की प्रगति पर वह स्वयं व्यक्तिगत रूप से नजर रख रहे हैं, जिससे निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न शेष रहे और दरभंगा को जल्द से जल्द बेहतर यातायात व्यवस्था का लाभ मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित