, Oct. 9 -- बिहार सरस मेला की विशेषता रही कि इसमें बिहार सहित देश के 16 राज्यों की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला उद्यमियों ने भाग लिया। इन महिलाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों के विशिष्ट उत्पाद, हस्तकला, पारंपरिक शिल्प, हस्तकरघा सामग्री, खाद्य पदार्थ और स्थानीय व्यंजन प्रदर्शित किए। अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक कलाओं ने मेले को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।जीविका से जुड़ी महिलाओं के लिए सरस मेला केवल अपने उत्पाद बेचने का अवसर नहीं है, बल्कि यह उनके आत्मविश्वास, आर्थिक स्वतंत्रता और उद्यमशीलता को मजबूत करने का मंच भी है। जब ग्रामीण महिला अपने हाथों से तैयार उत्पाद को सीधे ग्राहकों तक पहुंचाती है और उसके हुनर को सम्मान मिलता है, तो इससे उसकी आय बढ़ाने के साथ-साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलती है।

बिहार सरस मेला केवल भारतीय संस्कृति, हस्तशिल्प और ग्रामीण उत्पादों की प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि यह सरकार की लोक कल्याणकारी एवं आजीविका -केंद्रित पहलों के प्रभाव को भी दर्शाता है। सतत् जीविकोपार्जन योजना, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, स्वयं सहायता समूह आधारित आजीविका गतिविधियां, जीविका दीदी की रसोई, महिला उत्पादक कंपनियां तथा अन्य ग्रामीण उद्यम इस बदलाव के महत्वपूर्ण उदाहरण हैं।

जीविका दीदियों के उत्पादों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए ऐसे मंचों की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है। इससे ग्रामीण महिलाओं को अपने कौशल का व्यावसायिक उपयोग करने, नए अवसर तलाशने और अपने उद्यम को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है। बिहार की ग्रामीण महिलाएं आज अपनी मेहनत, हुनर और आत्मविश्वास से विकास की नई कहानी लिख रही हैं। सरस मेला की सफलता इसी परिवर्तन का प्रमाण है। 3.83 करोड़ रुपये का कारोबार और साढ़े तीन लाख से अधिक लोगों की भागीदारी इस बात का संकेत है कि ग्रामीण उत्पादों के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ रहा है तथा महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार मिल रहा है।

ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार सरस मेला जैसे आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले उत्पादों को बेहतर विपणन, गुणवत्ता, पैकेजिंग और बाजार संपर्क उपलब्ध कराये जाने से राज्य और देश के व्यापक बाजार में अपनी बेहतर जगह बना रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित