, Jan. 21 -- जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को छात्रावासों में छात्रों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निदेश दिया है। अधिकारियों को निदेश दिया गया है कि होटल, लॉज, हॉस्टल की नियमित जाँच करें। संदेहास्पद गतिविधियों पर लगातार नजर रखें। किसी भी परिस्थिति में बिना अनुज्ञप्ति की प्रतिमा/पंडाल की स्थापना/प्रतिमा जुलूस नहीं निकले यह संबंधित थानाध्यक्ष की व्यक्तिगत जिम्मेवारी होगी। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इस बात को ध्यान में रखेंगे कि विसर्जन यात्रा के पूर्व निर्धारित पारंपरिक मार्गों में परिवर्तन नहीं हो। विसर्जन यात्रा का दंडाधिकारियों के पर्यवेक्षण में वीडियोग्राफी कराएं। सीसीटीवी से निगरानी रखें।
अधिकारीद्वय ने पदाधिकारियों को समिति में लगभग 20-20 सक्रिय कार्यकर्ताओं की सूची संधारित रखने तथा प्रभावी कॉम्युनिकेशन प्लान क्रियाशील रखने का निदेश दिया। हर अनुमंडल में सरस्वती पूजा के अवसर पर व्हाट्सएप ग्रुप को सक्रिए रखें जिसमें अधिकारियों के साथ स्थानीय स्तर पर सक्रिय युवा एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति भी रहेंगे। उन्होंने निर्देश दिया है कि पूजा के दौरान आपत्तिजनक स्लोगन, कार्टून इत्यादि पर रोक है। आतिशबाजी पर प्रतिबंध है। इसे पदाधिकारीगण सुनिश्चित करें। असामाजिक तत्वों के विरूद्ध निरोधात्मक एवं दण्डात्मक कार्रवाई करेंगे तथा विधि-व्यवस्था का समुचित संधारण सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि अफवाह फैलानेवालों के विरूद्ध त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदेहास्पद सूचना 24x7 जिला नियंत्रण कक्ष (दूरभाष संख्या 0612-2219810/2219234) एवं आपात नम्बर सेवा 112 पर तुरत दें। जिला स्तर से त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व-त्योहार के अवसर पर लाउडस्पीकर 06.00 बजे प्रातः से 10.00 बजे रात्रि तक ही निर्धारित डेसिबल के अनुरूप बजाया जा सकता है। सरस्वती पूजा में डीजे पर किसी भी परिस्थिति में पूर्ण प्रतिबंध रहेगा एवं पूर्णरूपेण वर्जित रहेगा। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इसे सुनिश्चित कराएंगे।
जिलाधिकारी ने निदेश दिया कि सरस्वती पूजा के अवसर पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। महाप्रबंधक, पेसू शहरी क्षेत्रों में तथा अधीक्षण अभियंता, विद्युत आपूर्ति, ग्रामीण क्षेत्र ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे। पुलिस अधीक्षक, यातायात उत्कृष्ट यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही तैयार किए गए यातायात प्लान को आम जनों की सुविधा के लिए समाचार पत्रों में प्रकाशित कराएंगे। सरस्वती पूजा के अवसर पर आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिये डॉक्टर, पारा मेडिकल स्टाफ एवं आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं के साथ एम्बुलेंस सिविल सर्जन प्रतिनियुक्त करेंगे। जिला अग्निशमन पदाधिकारी, पटना को निर्देशित किया गया है कि सरस्वती पूजा के अवसर पर आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिये फायर दस्ता प्रतिनियुक्त करना सुनिश्चित करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित