छपरा , मई 23 -- बिहार में सारण जिले के मढ़ौरा और अमनौर थाना के स्वर्ण व्यवसायियों से बिहार सरकार लिखी गाड़ी पर सवार अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि इस मामले में पीड़ित स्वर्ण व्यवसाई मढ़ौरा थाना क्षेत्र निवासी विकास कुमार कुमार, आनंद कुमार और तरैया के व्यवसायी संदीप कुमार ने पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा है कि वे तीनों अपने कार में चालक मढ़ौरा थाना क्षेत्र के तेजपुरवा गांव निवासी अफरोज के साथ पटना से आभूषणों की मार्केटिंग कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दरियापुर थाना क्षेत्र के एक सुनसान जगह पर बिहार सरकार लिखी कार में बैठे तीन लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद दो लोग तीनों स्वर्ण व्यवसायियों में से दो व्यवसाई को हथियार के बल पर जबरदस्ती अपने कार में बैठा लिया, जबकि एक अपराधी एक स्वर्ण व्यवसाई के साथ उनके कार में सवार हो गया।आवेदन में उन्होंने कहा कि हथियार के बल पर अपराधी उन्हें सारण जिले के भेल्दी, अमनौर मढ़ौरा नगरा, जलालपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में लेकर घूमते हुए इसुआपुर थाना क्षेत्र के जवनिया चंवर में एक सुनसान जगह पर लेकर पहुंचे। जहां अपराधियों ने पटना से खरीदे गए सोने-चांदी के आभूषण के साथ ही उनके शरीर पर के आभूषण, घड़ी, मोबाइल फोन, रुपया सहित अन्य सामान लूट लिये।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही मामले की सूचना अपने वरीय पदाधिकारियों को भी दी है।
सूत्रों ने बताया कि वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित