बेतिया, फरवरी 09 -- जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सोमवार को कहा है कि विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए लोकलुभावन वादे महज दो महीने में ही खोखले साबित होने लगे हैं और बिहार में अपराध तथा भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है।
श्री किशोर अपनी बिहार नवनिर्माण यात्रा के दूसरे दिन आज बेतिया पहुंचे, जहां उन्होंने जनता से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की मौजूदा राजनीतिक और प्रशासनिक स्थिति पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि बिहार की नई सरकार जनता को राहत देने के बजाय सत्ता सुख के लिए ज्यादा चिंतित दिखाई दे रही है।
जनसुराज के सूत्रधार ने कहा कि बिहार की जनता को अब गंभीरता से यह विचार करना होगा कि जिन वादों के आधार पर उनसे वोट मांगा गया था, वे कितने अव्यवहारिक और निराधार थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान नहीं है।
श्री किशोर ने जन सुराज अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बिहार नवनिर्माण यात्रा के माध्यम से जनता के बीच सत्ता की सच्चाई को सामने लाने के साथ लोगों को जागरूक किया जाएगा। जनसुराज के सूत्रधार ने इस दौरान राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े सवाल पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का समर्थन किया और कहा कि श्री गांधी विपक्ष के नेता हैं और लोकतंत्र में उन्हें अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। यदि उन्हें सदन में बोलने का अवसर नहीं दिया गया, तो कांग्रेस का विरोध स्वाभाविक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित