नयी दिल्ली , जून 29 -- बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा है कि सरकार शासन व्यवस्था को मज़बूत करने, आजीविका के अवसरों का विस्तार करने और ग्रामीण योजनाओं का लाभ हर परिवार तक पहुँचाने के लिए काम कर रही है।

श्री कुमार यहाँ आयोजित दो दिवसीय (28 एवं 29 जून) को आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में भाग लेने के लिए आए थे। इस सम्मेलन में भारत के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्री शामिल हुए और ग्रामीण समृद्धि को गति देने के लिए साझा रणनीति पर चर्चा की गयी। 'ग्रामोदय से राष्ट्रोदय' थीम पर आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में गांवों के विकास को केंद्र में रखा गया।

सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया था।

श्री कुमार ने बताया कि बिहार सरकार ने कई परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराया है। उन्होंने वर्ष 2015 से पहले बने मकानों की मरम्मत की आवश्यकता पर ज़ोर दिया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर बिहार की भागीदारी केंद्र और राज्यों के साझा संकल्प को दर्शाती है, जिसका उद्देश्य एक विकसित और आत्मनिर्भर ग्रामीण भारत का निर्माण करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित