पटना, मई 02 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार प्रदेश में अपराध, भ्रष्टाचार के साथ सांप्रदायिकता से भी किसी प्रकार का समझौता नही करेगी।

श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री भले बदला है लेकिन सरकार अगले पांच साल नीतीश कुमार की नीतियों और सोच के साथ ही चलेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष भाजपा के नाम पर डरा कर अल्पसंख्यकों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले गठबंधन ने कहा था, 'पच्चीस से तीस फिर से नीतीश' और अगले पांच साल प्रदेश उसी तर्ज पर चलेगा जैसा नीतीश कुमार चाहते हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में किसी भी अल्पसंख्यक को भयभीत होने की जरूरत नही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के नए मुख्या मंत्री सम्राट चौधरी ने भी विधानसभा में कहा था कि उनकी सरकार 'क्राइम करप्शन और कम्युनलिज्म' से कोई समझौता नही करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार सांप्रदायिकता पर 'जीरो टोलरेंस' की अपनी नीति पर कायम है।

श्री चौधरी ने कहा कि 2005 से पहले की सरका अल्पसंख्यकों को यह बताती थी कि उनकी सुरक्षा के लिए उसका सत्ता में होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार की जिम्मेदारी सिर्फ नागरिकों कि सुरक्षा तक सीमित नही होती है और उसे यह भी ध्यान रखना होता कहा कि लोगों की माली हालत में सुधार हो। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की योजनाओं में अल्पसंख्यको को भी दूसरे लोगों के सामान ही लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बच्चियों को पोशाक देने में कोई भेदभाव नही किया गया, उसी तरह से स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं ने भी कमजोर तबके के छात्रों की मदद की। उन्होंने कहा कि नीतीश शासन में मदरसों की हालत में भी सुधार हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित