, April 26 -- मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार के लोगों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना एवं आसानी से सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है। इसके लिए ब्लॉक, अंचल एवं थाना को मॉनिटर करने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान आसानी से हो, इसके लिए प्रत्येक माह में दो दिन पंचायतों में कैंप लगाया जाएगा। यह सहयोग कार्यक्रम के तहत संचालित होगा। उन्होंने कहा कि एक माह से अधिक समय तक फाइल रोककर रखनेवाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार की कोशिश है कि लोगों के घर तक मूलभूत सुविधाएं एवं सरकार की सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सके। श्री चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लगातार 20 वर्षों तक बिहार में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की हर संभव कोशिश की है। उन्होंने कहा कि लड़कियों को स्कूलों तक पहुंचाने के लिए उनके द्वारा कई प्रकार की योजनाएं संचालित की गई। महिलाओं को उद्योग-धंधों से जोड़ने के लिए भी बिहार में काफी काम किया गया है। इसे और आगे बढ़ाया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने जब घरेलू बिहार के सभी उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली फ्री देने का निर्णय लिया, जिस पर करीब 20 हजार करोड़ रुपये का खर्च आ रहा था। उस समय ऐसा प्रतीत हो रहा था कि इतनी बड़ी धनराशि कहां से आएगी,लेकिन सरकार के दृढ संकल्प से यह काम सफल रहा। उन्होंने कहा कि बिहार में वित्त की कोई कमी नहीं है। विकास के सभी काम पूरे किए जायेंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में सड़कों का चौड़ीकरण, नए सड़कों का निर्माण, रेलवे ट्रैक का विस्तारीकरण, शिक्षा स्वास्थ्य में सुधार आदि विकास कार्य तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहाड़ों के सौंदर्गीकरण का काम भी शुरू किया है। आज यहां ढोल पहाड़ी, असरगंज (मुंगेर) में ईको पर्यटन कार्य का शिलान्यास किया गया है और आज ही से काम भी शुरू हो जाएगा। इस ढोल पहाड़ी पर देश के वीर सैनिक अंग्रेजों से लोहा लेने के लिए अपना शिविर बनाए थे। यहां उच्चेश्वर नाथ धाम, देवघरा, टेटियाबंबर (मुंगेर) में ईको पर्यटन विकसित करने के लिए 26 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। यहां पांडवों ने भगवान शिव का आशीर्वाद लिया था। उन्होंने कहा कि इस इलाके को 4 लेन सड़क से जोड़ा जा रहा है। अब यहां के लोग 4 लेन सड़क से सीधे सुल्तानगंज पहुंचेंगे, उन्हें असरगंज जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा संचालित योजना के माध्यम से तारापुर आई०टी०आई० में एक हजार विद्यार्थियों को स्किल्ड करने की व्यवस्था की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित