, May 23 -- मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने बक्सर नगरी में अवतरित श्री वामन भगवान द्वारा स्थापित शिवलिंग रूप में विद्यमान श्री वामनेश्वर नाथ जी के अति प्राचीन मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर का भ्रमण कर विकास कार्यों का जायजा लिया। जायजा के क्रम में अधिकारियों ने वामनेश्वर धाम की प्रस्तावित भूमि के ले-आउट प्लान के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। यह मंदिर बक्सर केंद्रीय कारा परिसर की बाहरी चहारदीवारी के अंदर स्थित है।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने केंद्रीय कारा बक्सर में अधिष्ठापित निर्माणशाला में बंदियों द्वारा निर्मित हस्तकला एवं सामग्रियों से संबंधित लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने मंदिर परिसर में पौधारोपण भी किया।

जिलाधिकारी श्रीमती साहिला ने मुख्यमंत्री चौधरी को चरखा एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया। श्री वामनावतार एवं भगवान श्रीराम की शिक्षा स्थली तथा धार्मिक नगरी बक्सर में पहली बार आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर तथा फूलों की माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित