, Sept. 1 -- मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोतिहारी में भी पुरानी चीनी मिलों को पुनर्जीवित करने के प्रयास के साथ नई चीनी मिल स्थापित की जाएगी, जिससे क्षेत्र के गन्ना किसानों को स्थानीय स्तर पर बेहतर बाजार और रोजगार के अवसर मिल सकें।श्री चौधरी ने कहा कि चंपारण क्षेत्र में एयर कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जाएगा। रक्सौल और वाल्मीकिनगर में एयरपोर्ट तथा मुजफ्फरपुर में एयरपोर्ट के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने बरियारपुर में रात के समय भी हेलीकॉप्टर की लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एटीसी व्यवस्था विकसित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क, बिजली, एयरपोर्ट और अन्य आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े, इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को जी और नीट की तैयारी के लिए पटना, दिल्ली या कोटा जाने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए करीब 700 केंद्रों पर लगभग तीन लाख बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने की योजना बनाई गई है। डिजिटल माध्यम से विद्यार्थियों को जरूरत पड़ने पर रात में भी शिक्षकों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में करीब 1.90 करोड़ घरेलू बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें लगभग 1.70 करोड़ परिवारों का पिछले एक वर्ष से बिजली बिल शून्य आया है। उन्होंने इसे बिहार में बदलाव की बड़ी शुरुआत बताया। उन्होंने छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्कूल-कॉलेजों के आसपास 'पुलिस दीदी की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके लिए करीब 1,000 टीमों का गठन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के लक्ष्य को पूरा करने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ किसी दल या व्यक्ति को देखकर नहीं, बल्कि सभी वर्गों और परिवारों को समान रूप से दिया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित