, July 28 -- मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक, सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक थाना भवनों, पुलिस लाइन, प्रशिक्षण केंद्रों तथा अन्य पुलिस अवसंरचनाओं के निर्माण से कानून-व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी, इससे अपराध नियंत्रण एवं त्वरित कार्रवाई की क्षमता और मजबूत होगी।इसके बाद मुख्यमंत्री ने असरगंज, जलालाबाद में रामानंद एवं परसी-राम उच्च विद्यालय परिसर में राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर श्री चौधरी ने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना कर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उनके घर के निकट उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि तारापुर की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें विधायक बनाया, उस विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि असरगंज डिग्री कॉलेज का जो वादा किया गया था, आज वह पूरा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नेतृत्व के सहयोग से बिहार के विकास का संकल्प तेजी से पूरा किया जा रहा है।
श्री चौधरी ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों एवं संसाधनों के अभाव में पहले गरीब परिवारों के बच्चे नीट एवं जेईईजैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते थे, लेकिन अब हर प्रखंड में उच्च शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्य के विभिन्न प्रखण्डों में 211 नये राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में पठन-पाठन की शुरूआत की गयी है। अब यह संख्या बढ़कर 212 हो गयी है। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी बीएड कॉलेजों में भी चरणबद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। सभी प्रखंडों में लाइव क्लास की सुविधा उपलब्ध होगी तथा डिजिटल ऐप के माध्यम से विद्यार्थी रात 11 बजे भी शिक्षकों से ऑनलाइन मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि अब शनिवार को सरकारी विद्यालयों में हाफ-डे पढ़ाई होगी। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल-कूद की भी बेहतर व्यवस्था की जा रही है। असरगंज विद्यालय के सामने स्थित मैदान का विकास कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तारापुर में उद्योगों की स्थापना की जाएगी तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट विकसित किया जाएगा, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इससे क्षेत्र के युवाओं को बिहार में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे तथा मुंगेर और तारापुर विकास के नए केंद्र बनेंगे। उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज से बाबा धाम तक की कांवर यात्रा सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण है। एक ही रंग के वस्त्र पहनकर, समान भाव से श्रद्धालु 100 किलोमीटर से अधिक की पैदल यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करते हैं, इससे बड़ा सामाजिक समानता का उदाहरण दुनिया में दुर्लभ है।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक -सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम पंकज कुमार दाराद, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणिकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित