, July 16 -- मुख्यमंत्री के समक्ष शिक्षा विभाग ने सात स्वयं सेवी संस्थानों- लॉर्ड्स ऐजुकेशन एण्ड हेल्थ सोसायटी / वाधवानी ए.आई, खान एकेडमी इंडिया, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, ए.एक्स.एल(एक स्टेप फाउंडेशन), पी.आई.जैम फाउंडेशन, मंत्रा4 चेंज एवं शिक्षा लोकम फाउंडेशन के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किया। विद्यार्थियों को इसका निःशुल्क लाभ मिलेगा। इन साझेदारियों के माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई ), बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान , एसटीइएम शिक्षा, गणित एवं विज्ञान, शिक्षण नेतृत्व, कम्प्यूटेशनल थिंकिंग, कोडिंग, डिज़ाइन थिंकिंग, परियोजना-आधारित शिक्षण, शिक्षक क्षमता निर्माण, एआई आधारित मूल्यांकन तथा डेटा आधारित शैक्षणिक प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में व्यापक सुधार किए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य राज्य के प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा संचालित ऑनलाइन कोचिंग क्लासेज तथा नीट एवं जी तैयारी कार्यक्रम की शुरूआत होने से डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम द्वारा अब विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार का संकल्प है कि स्मार्ट क्लास, लाइव लर्निंग, डिजिटल शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षा उन्मुख शिक्षण के माध्यम से राज्य के प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर भविष्य के लिए सशक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यह पहल बिहार को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी और राज्य के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्द्धा बनाएगी।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, पटना प्रमंडल के आयुक्त मयंक वरवड़े, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ.त्याग राजन एस.एम, माध्यमिक शिक्षा के निदेशक सज्जन राज शेखर, बी.एस.ई.आई.डी.सी की प्रबंध निदेशक श्रीमती इनायत खान, प्राथमिक शिक्षा के निदेशक कुमार निशांत विवेक, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के.शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी, राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की प्राचार्य श्रीमती श्वेता रानी, शिक्षकगण एवं छात्रायें उपस्थित थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित