, June 18 -- श्री चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार ने होमगार्ड जवानों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए तीन सितंबर 2025 से उनके दैनिक भत्ते को 774 रुपये से बढ़ाकर 1121 रुपये कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के 13 करोड़ नागरिकों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के लिए बिहार में कोई स्थान नहीं है। राज्य में कानून का राज स्थापित रखने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं।
श्री चौधरी ने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के संबंध में कहा कि सरकार विशेष रूप से सजग है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों और महाविद्यालयों के आसपास पांच हजार स्कूटी और मोटरसाइकिल से लैस 'पुलिस दीदी' की तैनाती की जाएगी, जिससे छात्राओं और बेटियों को सुरक्षित तथा सकारात्मक वातावरण मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान में भी जवानों ने जिस अनुशासन, संयम और समर्पण के साथ समारोह को सफल बनाया, वह प्रशंसनीय और प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि बिहार स्पेशल आर्म्ड फोर्स की तर्ज पर होमगार्ड जवानों को भी उच्चस्तरीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बेहतर प्रशिक्षण का लाभ जवानों को पूरे सेवाकाल में मिलता है और इससे उनकी कार्यक्षमता बढ़ती है।
श्री चौधरी ने नवप्रशिक्षित जवानों से राष्ट्रसेवा, अनुशासन, निष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गृह रक्षा वाहिनी के जवान बिहार को सुरक्षित, समृद्ध और विकसित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर महानिदेशक-सह-महादेष्टा, बिहार गुहरक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाऐं श्रीमती शोभा ओहटकर ने पारण परेड समारोह के दौरान नवनामांकित गृहरक्षकों को कर्तव्य निष्ठा की शपथ दिलायी।
समारोह के दौरान बिहार गुहरक्षा वाहिनी के प्रशिक्षत महिला एवं पुरूष कमांडो ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपना करतब दिखाया।कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित