, July 19 -- मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आज का यह दिन ऐतिहासिक है कि एक दिन में 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) खोले जा रहे हैं। इसमें 4 लाख बच्चे पढ़ेंगे। मॉडल स्कूल बच्चों के बेहतर भविष्य का मजबूत आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल नए विद्यालय नहीं हैं, बल्कि बिहार की नई शिक्षा नीति और विकसित बिहार के संकल्प के मजबूत आधार हैं। इन विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास होगा। शिक्षकों की सुविधाओं के लिये भी सरकार ने कई कदम उठाये हैं। शिक्षकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुये शिक्षकों का स्थानांतरण प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से 29 जुलाई से शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई को 211 डिग्री कॉलेज की शुरूआत की गयी। साथ ही विक्रमशिला विश्विद्यालय के लिये जमीन उपलब्ध करा दी गयी है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने बेगूसराय एवं बिहार के समग्र विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह 'दिनकर' जी की जन्मभूमि बेगूसराय में उनके नाम पर एक विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा, शोध, साहित्य एवं भारतीय चिंतन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रकवि दिनकर के विचारों और साहित्यिक विरासत से जोड़ने का कार्य करेगा। बेगूसराय में 10 एकड़ भूमि पर भगवान श्री वेंकटेश्वर (तिरुपति) मंदिर की स्थापना की जाएगी। यह मंदिर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनने के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा। उन्होंने कहा कि सिमरिया से भागलपुर तक गंगा नदी के किनारे मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से पर्यटन, आवागमन और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी तथा गंगा तट के विकास को भी गति प्राप्त होगी।
श्री चौधरी ने कहा कि रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे के निर्माण से बिहार की संपर्क व्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने पर बेगूसराय, मुंगेर सहित इस क्षेत्र के लोग कोलकाता की दूरी लगभग पाँच घंटे में तय कर सकेंगे। इससे उद्योग, व्यापार, कृषि, परिवहन एवं निवेश को व्यापक बढ़ावा मिलेगा और राज्य के आर्थिक विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, पर्यटन, संस्कृति एवं रोजगार के क्षेत्रों में समन्वित विकास की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिये सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एक करोड़ लोगों को रोजगार देने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये तेजी से काम किया जा रहा है। उन्नत शिक्षा से बेहतर रोजगार प्राप्त किया जा सकता है। एक करोड़ 81 लाख बहनों के खाते में 10 हजार रूपये की राशि हस्तांतरित की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित