, Sept. 29 -- मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका एवं आशा दीदी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही लाभार्थियों के बीच पौष्टिक किट का वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 'सुपोषित बचपन की रसोई' नामक पुस्तिका का विमोचन भी किया।मुख्यमंत्री ने 'आंगन का मिलन कार्यक्रम के तहत लाभार्थियों से संवाद किया। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के लाभार्थियों ने योजनाओं से प्राप्त सहायता एवं आंगनबाड़ी केंद्र से मिल रही सेवाओं के संबंध में अपने अनुभव साझा किए। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि योजनाओं के माध्यम से प्राप्त आर्थिक सहायता का उपयोग पोषण, खान-पान एवं स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों में किया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर टीकाकरण, बच्चों के वजन एवं लंबाई की नियमित निगरानी तथा पोषण संबंधी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस दौरान एक लाभार्थी ने मुख्यमंत्री से आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए खिलौनों की सुविधा और बेहतर करने का सुझाव दिया।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को और बेहतर सुविधाएं किस प्रकार उपलब्ध कराई जा सकती हैं, इस संबंध में लाभार्थी एवं स्थानीय लोग अपने सुझाव सरकार तक पहुंचाएं। सरकार द्वारा आवश्यक सुधार के लिए हरसंभव कदम उठाया जाएगा। लाभार्थियों के सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रसव पूर्व एवं प्रसव उपरांत माताओं तथा बच्चों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। जिन आंगनबाड़ी केंद्रों के पास अपना भवन नहीं है, वहां भवन निर्माण की दिशा में भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जच्चा-बच्चा दोनों को स्वस्थ रखना तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा एवं पोषण उपलब्ध कराना है। आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका सेवा भाव से कार्य कर रही हैं। राज्य में करीब 1,15,000 आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका बच्चों एवं परिवारों की सेवा में लगी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित