, March 13 -- केन्द्रीय मंत्री द्वारा पटना रिंग रोड के उतरी भाग से संबंधित एनएचएआई के अधिकारियों को जल्द-से-जल्द डीपीआर तैयार कर प्रस्तुत करने का निदेश दिया गया, जिससे भारत सरकार द्वारा स्वीकृति निर्गत किया जा सके। इसके अतिरिक्त बैठक में प्रस्तावित सोनपुर एयरपोर्ट से जुड़ी सड़क कनेक्टिविटी पर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से एसएच-74 से पटना-बेतिया मार्ग तक सर्विस रोड निर्माण के प्रस्ताव पर विचार किया गया, जो क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने तथा एयरपोर्ट के आसपास के विकास को गति प्रदान करने में सहायक होगा।
बैठक के दौरान राज्य अंतर्गत एनएच एवं एनएचएआई द्वारा क्रियान्वित सड़क परियोजनाओं में आ रहे अवरोधों पर भी प्ररियोजनावार समीक्षा की गई। सचिव महोदय के द्वारा गंडक नदी पर डुमरिया घाट ब्रिज, हाजीपुर-छपरा (एनएच-19) आमस-दरभंगा पर भी विशेष तौर पर चर्चा की गई। सोनपुर में बनने वाले ब्रिज का कार्य 6 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य है।दरभंगा- सुपौल के बीच ग्रीनफिल्ड मार्गरेखन पर नए उच्च पथ निर्माण को लेकर भी चर्चा की गई।
गौरतलब है कि पूर्व में भी पथ निर्माण विभाग के माननीय मंत्री द्वारा इस विषय पर अनुरोध किया गया। राज्य में प्रस्तावित सभी एक्सप्रेसवे को 6 लेन विन्यास का स्वीकृति प्रदान करने के राज्य सरकार के अनुरोध से भी अवगत कराया गया। वैशाली में लगने वाले जाम को ध्यान में रखते हुए रामाशीष चौक पर मल्टीलेवल जंक्शन की स्वीकृति देने पर विस्तार से चर्चा की गई। केन्द्रीय मंत्री के द्वारा अधिकारियों को मुजफ्फरपुर, पटना एवं छपरा जाने वाले यात्रियों के लिए इसे शीघ्र स्वीकृति देने का निदेश दिया गया। इसके अलावा मुजफ्फरपुर में नवनिर्मित बाईपास के मधौल एवं कांटी में यातायात सुरक्षा की दृष्टिकोण से जंक्शन विकसित करने के लिये भी केन्द्रीय मंत्री के द्वारा संबंधित को शीघ्र कार्रवाई के लिये निर्देश दिया गया।
समीक्षात्मक बैठक के दौरान जेपी गंगा पथ के दोनों पहुंच पथ को ट्रांसपोर्ट प्लानर के सहयोग से विकसित करने के लिये पदाधिकारी को निर्देश दिया गया, जिससे निर्माणाधीन पुल का अटल पथ, पाटलि पथ, जेपी गंगा पथ एवं दीघा-शेरपुर गंगा पथ के साथ यातायात सुगम हो सके। इसके लिए ट्रांसपोर्ट प्लानर की नियुक्ति की गई। ट्रांसपोर्ट प्लानर के सुझाव के आधार पर जंक्शन को विकसित किया जाएगा। यह विकास ट्रैफिक को सुचारु रूप से संभालने, भीड़भाड़ कम करने तथा पटना एवं उत्तर बिहार के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने में सहायक होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित