, Sept. 10 -- नगर आयुक्त ने मॉल, निजी अस्पताल, बैंक्वेट हॉल, मार्केट कॉम्प्लेक्स एवं अन्य बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के निर्धारित संपत्ति कर का पुनर्मूल्यांकन एवं सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए टाउन प्लानर्स एवं आर्किटेक्ट्स की टीम द्वारा विशेष जांच कराई जाएगी।टीम द्वारा बड़े कमर्शियल परिसरों के वास्तविक क्षेत्रफल एवं उपयोग की जांच करते हुए संबंधित संपत्तियों के स्वीकृत नक्शे एवं उपलब्ध अभिलेखों से उसका मिलान किया जाएगा। इसके माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि संपत्ति का वास्तविक निर्मित क्षेत्रफल, उपयोग की श्रेणी एवं अन्य संबंधित विवरण निगम के रिकॉर्ड में सही तरीके से दर्ज हैं।

जांच के दौरान बिल्डिंग बायलॉज के उल्लंघन, स्वीकृत नक्शे से अधिक निर्माण अथवा संपत्ति के स्व-मूल्यांकन में किसी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इससे बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संपत्ति कर निर्धारण में पारदर्शिता सुनिश्चित होने के साथ निगम के राजस्व में वृद्धि होगी।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व संवर्धन को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया के बजाय लक्ष्य आधारित अभियान के रूप में संचालित किया जाए, जिससे निगम क्षेत्र की प्रत्येक कर योग्य संपत्ति का सही एवं पारदर्शी कर निर्धारण हो और बकाया राजस्व की प्रभावी वसूली सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित