पटना , मार्च 22 -- िहार दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को स्थानीय बिहार संग्रहालय में फिल्म 'चिड़िया' का प्रदर्शन किया गया।

स्माइली फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। इसका आयोजन कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम और बिहार संग्रहालय, पटना के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था।

इस अवसर पर बिहार फिल्म निगम की महाप्रबंधक श्रीमती रूबी ने कहा कि जीवन में चाहे लाख परेशानियां आये हमें उसका डटकर मुकाबला करना चाहिए, फिल्म भी हमें यही सीख देती है। उन्होंने फिल्म निर्माताओं को बच्चों को प्रेरित करने वाली फिल्म बनाने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि फिल्में समाज की दर्पण हैं, 'चिड़िया' जैसी फिल्में बिना रुके लक्ष्य की तरफ बढ़ने की प्रेरणा देती है।

फिल्म निगम के फिल्म सलाहकार अरविन्द रंजन दास ने बताया कि कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम ने इस दौरान बच्चों, महिलाओं तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़ी संदेशात्मक फिल्मों के नियमित प्रदर्शन से राज्य में एक रचनात्मक माहौल तैयार करने का आंदोलन चला रखा है। इसके तहत फिल्म शिक्षा वर्कशॉप, फिल्म उद्योग के विकास के लिये समस्याओं के समाधान पर परिचर्चा 'सिने संवाद', बिहार की संस्कृति से जुड़ी फिल्मों का नियमित प्रदर्शन 'कॉफ़ी विथ फिल्म" जैसे कई कार्यक्रम चला रखे हैं जिसे भारी संख्या में जन-समर्थन मिल रहा है और बिहार में फिल्म उद्योग के चहुमुंखी विकास की ओर मजबूत कदम उठाये जा रहे है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित