पटना, अप्रैल 16 -- विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) की टीम ने पूर्णिया स्थित बिहार शिक्षा परियोजना के सहायक अभियंता भूषण प्रसाद को दस हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

एसवीयू की टीम ने सहायक अभियंता को उस समय गिरफ्तार किया , जब वह परिवादी नंदन कुमार झा से एमबी (मेजरमेंट बुक) पर हस्ताक्षर करने के लिए रिश्वत ले रहा था। वह पूर्णिया स्थित अपने आवास पर ही रिश्वत की रकम ले रहा था।

एसवीयू के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पंकज कुमार दराद ने बताया कि जब यह मामला उनके पास आया, तो उनके स्तर से टीम गठित कर इसका सत्यापन कराया गया। मामला सही पाए जाने के बाद इससे संबंधित कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता नंदन पूर्णिया जिले के सरसी थाना क्षेत्र में मौजूद गांव हेमनगर बलुआ के रहने वाले हैं। नंदन के स्तर से दर्ज शिकायत के अनुसार , मीनापुर थाना क्षेत्र में डगरूआ अंचल में विद्यालय भवन का निर्माण कराया गया था, जिसके बिल के भुगतान के लिए एमबी वैल्यू का छह प्रतिशत की दर से दस हजार रुपये की मांग सहायक अभियंता भूषण प्रसाद कर रहे थे। उनके विरूद्ध एसवीयू में कांड संख्या 14/26 दर्ज की गई है। इसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की सुसंगत धाराओं का उपयोग किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित