, May 26 -- सहयोग शिविर में प्राप्त जन शिकायत सहयोग पोर्टल पर अपलोड होंगे। साथ ही इनका निस्तारण भी निर्धारित समय के भीतर किया जाएगा। आवेदन की प्राप्ति, अग्रसारण, निस्तारण के साथ ही कारण पृच्छा प्राप्त करने आदि की कार्रवाई सहयोग पोर्टल से होगी। मुख्य सचिव ने जारी निर्देशों में कहा है कि प्रत्येक पदाधिकारी अपने लॉगीन से सहयोग पोर्टल पर उपलब्ध आवेदनों की प्रतिदिन निगरानी करेंगे। प्रत्येक सहयोग शिविर में संबंधित क्षेत्र के सांसद, विधायक, महापौर, उप महापौर, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, वार्ड पार्षद एवं कार्यान्वयन समिति के सदस्य को आमंत्रित किया जाएगा।

ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की राशन, पेंशन, आवास, मनरेगा, भूमि विवाद, दाखिल- खारिज, सीमांकन, जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र, बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजना से संबंधित समस्या/शिकायत और सुझाव के लिए पिछले सप्ताह के मंगलवार से सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

सरकार के निर्देशों के अनुसार ग्राम पंचायतों में प्रत्येक महीने के प्रथम और तृतीय मंगलवार को यह शिविर लगाया जाना तय है। शिविर में आवेदन प्राप्त करने की सुविधा 30 दिन पहले से दी गई है। साथ ही लोगों की समस्या समाधान 30 दिन के भीतर करने के भी निर्देश जारी हैं। शिकायतों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था मुख्यमंत्री सचिवालय स्तर पर की गई है। यहां तैनात पदाधिकारी सहयोग पोर्टल पर प्राप्त होने वाले आवेदनों की नियमित समीक्षा के साथ-साथ आगे की कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित