पटना , अक्टूबर 14 -- बिहार वैश्य महासभा की पटना महानगर इकाई ने बुधवार को शारदीय नवरात्र के अवसर पर डांडिया महोत्सव आयोजित किया।

कार्यक्रम में विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता एवं विधान पार्षद ललन कुमार सर्राफ मुख्य अतिथि और पटना की महापौर सीता साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थीं।

श्री सर्राफ ने कहा कि नवरात्र भारतीय संस्कृति, आस्था और भक्ति का पर्व है। डांडिया और गरबा जैसे लोकनृत्य उत्सव की खुशियां बढ़ाते हैं। महासभा का यह आयोजन वैश्य समाज को साझा मंच देने, मेलजोल बढ़ाने और सामाजिक एकता व सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का माध्यम है।

उन्होंने बताया कि महासभा हर वर्ष नवरात्र में डांडिया कार्यक्रम आयोजित करती है, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को साथ आने और पर्व की खुशियां साझा करने का अवसर मिलता है। इस वर्ष आयोजन की जिम्मेदारी युवा एवं महिला समितियों ने संभाली, जिससे उनकी नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक दक्षता सामने आई।

कार्यक्रम में लोक गायिका नीतू नवनीत, महासभा अध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार, प्रधान महासचिव दिलीप कुमार गुप्ता, अमित केसरी, युवा अध्यक्ष राहुल कुमार, जिलाध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पटना महानगर कमेटी की अध्यक्ष कोमल बरनवाल, महिला मंत्री रीता जैन, उपाध्यक्ष नीतू गुप्ता, महिला जिला अध्यक्ष कुमारी नीतू और अन्य महिला सदस्य भी मौजूद रहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित