पटना , मार्च 06 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शुक्रवार को वीरचंद पटेल पथ स्थित विधायकों के लिये नवनिर्मित आवासीय परिसर के सबंध में खेल विभाग, भवन निर्माण विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं सभा सचिवालय के वरीय अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की।
इस बैठक में नवनिर्मित विधायक आवासीय परिसर अथवा परिसर के आस-पास स्पोर्टस, स्वास्थ्य, पार्क, जिम के लिये उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के संबंध में, बिहार विधान सभा के सदस्यों के उपयोगार्थ स्पोर्टस क्लब, स्पोर्टस ग्राउण्ड एवं अन्य खेलकूद संबंधित संरचना निर्माण के संबंध में, नवनिर्मित विधायक आवासीय परिसर, अथवा परिसर के समीप स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक संरचना यथा-हॉस्पीटल/स्वास्थ्य केन्द्र, जाँच घर, विकसित करने के संबंध में तथा नवनिर्मित विधायक आवासीय परिसर में पर्यावरण एवं वनस्पत्ति संबंधी आवश्यक संरचना विकसित करने पर चर्चा की गयी।
इस बैठक में विचार-विमर्श के दौरान यह बात सामने आई कि दारोगा प्रसाद राय पथ में निर्माणाधीन विधायक हॉस्टल के समीप स्थान चिन्हित कर स्पोर्टस क्लब या इन्डोर गेम क्लब का निर्माण कराया जा सकता है। इसके साथ ही विधायक हॉस्टल में जिम का निर्माण कराया जा सकता है।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. कुमार ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधिकारियों को नवनिर्मित विधायक आवासीय परिसर में क्रमबद्ध ढंग से नीम एवं पीपल आदि के पेड़ लगाने, डिवाइडरों पर पेड़-पौधे लगाने, दीवारों पर वर्टिकल गार्डेन विकसित करने एवं आवासों की छत पर गमलों में पौधे लगाने सहित पूरे परिसर में हरित पट्टी का विकास कराने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित