पटना , मई 25 -- िहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सोमवार को बिहार विधान मंडल सचिवालय में कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यालय आवागमन के लिये विभिन्न मार्गों से बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से संचालित बसों को विधान सभा के मुख्य पोर्टिको से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान वैश्विक ऊर्जा संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री के पेट्रोल-डीजल के खपत को घटाने तथा सार्वजनिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने के आह्वान के मद्देनजर बिहार विधान मंडल सचिवालय में कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवासित स्थानों से कार्यालय आवागमन के लिये पिंक, इलेक्ट्रिक एवं ग्रीन बस का परिचालन आज से शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एम्स, पटना से बिहार विधान मंडल सचिवालय रूट के लिए एक इलेक्ट्रिक , एक सीएनजी एवं एक पिंक बस ; सगुना मोड़ से बिहार विधान मंडल सचिवालय रूट के लिए एक इलेक्ट्रिक बस; धनकी मोड़ से बिहार विधान मंडल, निर्वाचन आयोग एवं विकास भवन रूट के लिए एक इलेक्ट्रिक , एक सीएनजी एवं एक पिंक बस का परिचालन आज से प्रारंभ किया गया है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा की कि उन्हें यह जानकर खुशी मिली है कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा सचिवालय सेवा के कर्मियों के लिए पूर्व से ही विभिन्न मार्गों पर बसों का संचालन किया जा रहा है, जिसका उपयोग भी बिहार विधान मंडल सचिवालय के पदाधिकारी एवं कर्मचारी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि इस व्यवस्था से बिहार विधान मंडल सचिवालय के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को लाभ मिलेगा एवं हम ऊर्जा संरक्षण की पहल में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर बिहार एवं राष्ट्र की अर्थव्यवस्था में बहुमूल्य योगदान देंगे।
इस अवसर पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल वर्मा एवं अन्य पदाधिकारीगण सहित सभा सचिवालय की प्रभारी सचिव एवं वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित