पटना , फरवरी 28 -- बिहार समाज कल्याण विभाग ने शनिवार को बिहार विधान मंडल की महिला सदस्यों के साथ महिला सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न योजनाओं पर परिचर्चा एवं उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया।

इस कार्यक्रम की परिकल्पना महिला एवं बाल विकास समिति के साथ आयोजित एक बैठक के दौरान की गई। बैठक में यह अनुभव किया गया कि महिला सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में अत्यंत सक्रिय एवं प्रतिबद्ध हैं, लेकिन समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की अद्यतन एवं समग्र जानकारी सभी तक पूर्ण रूप से नहीं पहुँच पाती है। समिति के सुझाव पर यह निर्णय लिया गया कि सभी महिला सदस्यों के लिए एक विशेष उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाए, जिससे वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में महिलाओं, बच्चों एवं वंचित वर्गों तक योजनाओं की सही एवं व्यापक जानकारी पहुँचा सकें।

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की सचिव श्रीमती बंदना प्रेयषी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिये पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग तथा जमीनी स्तर पर सुदृढ़ क्रियान्वयन के लिए जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यदि किसी विशेष विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण या संवाद की आवश्यकता महसूस होती है, तो समाज कल्याण विभाग पूर्ण तत्परता के साथ ऐसे कार्यक्रम आयोजित करेगा।

महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति श्रीमती अश्वमेध देवी ने कहा कि महिला जनप्रतिनिधियों की भूमिका न केवल नीति निर्माण में, बल्कि समाज में जागरूकता के प्रसार में भी महत्वपूर्ण है। यह परिचर्चा कार्यक्रम योजनाओं की समझ एवं प्रभावशीलता को और सुदृढ़ करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित