पटना , फरवरी 16 -- भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के निदेशक नीलेश एम. देसाई मंगलवार को 'अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और विकास की नई सीमा' विषय पर विशेष व्याख्यान देंगे।

यह व्याख्यान बिहार विधान परिषद के सचिवालय के उपभवन स्थित सभागार में आयोजित किया जायेगा।

यह जानकारी परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सोमवार को दी। उन्होंने बताया कि दोपहर 01:30 बजे से शुरू होने वाले इस महत्वपूर्ण व्याख्यान में परिषद के सभी सदस्यों को आमंत्रित किया गया है।

निदेशक श्री देसाई अपने दो वरिष्ठ सहयोगियों के साथ कार्यक्रम में भाग लेंगे। व्याख्यान में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के नवीनतम आयाम, भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियां, विकास में स्पेस टेक्नोलॉजी की भूमिका और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

यह कार्यक्रम नीति- निर्माताओं के लिये अंतरिक्ष क्षेत्र में हो रहे तेज बदलावों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरिक्ष तकनीक अब केवल वैज्ञानिक अनुसंधान तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि कृषि, मौसम पूर्वानुमान, आपदा प्रबंधन, संचार और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में भी इसकी अहम भूमिका है।

कार्यक्रम को लेकर परिषद परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित