पटना , सितंबर 28 -- बिहार में बदलते राजनीतिक समीकरण के बीच विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सोमवार को परिषद के सभापति पद से इस्तीफा दे दिया।

श्री सिंह ने अपने इस्तीफे के साथ जारी वक्तव्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुई अपनी राजनीतिक यात्रा, संगठन में निभायी गयी जिम्मेदारियों और विधान परिषद में करीब तैंतीस वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए पार्टी नेतृत्व, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया।

उन्होंने बिहार विधान परिषद के सभापति के पद से त्यागपत्र देने के साथ अपने वक्तव्य में कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी और राज्य में पार्टी संगठन के विभिन्न पदों पर काम करते हुए संगठन के विस्तार में सक्रिय भूमिका निभायी।

श्री सिंह ने कहा कि इस राजनीतिक यात्रा में केंद्र से लेकर राज्य तक के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का उन्हें अपार स्नेह एवं सहयोग मिलता रहा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के साथ-साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के संगठन और सरकार के सभी नेताओं के प्रति उन्होंने आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित