पटना , अक्टूबर 27 -- बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मंगलवार को मतगणना जारी रही और पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के साथ तिरहुत, दरभंगा, कोसी स्नातक एवं सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजों पर सबकी निगाहें टिकी रहीं।

मतगणना के दौरान कुछ सीटों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जबकि कई निर्वाचन क्षेत्रों में प्रत्याशियों के बीच आगे-पीछे होने की स्थिति बनी रही।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी नरेंद्र सिंह की जीत की खबर है। निर्दलीय प्रत्याशी भूषण झा दूसरे स्थान पर रहे, जबकि निवर्तमान माकपा विधान पार्षद प्रो. संजय सिंह तीसरे स्थान पर खिसक गए। हालांकि, निर्वाचन क्षेत्र के परिणाम की आधिकारिक घोषणा का इंतजार था।

दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में तीसरे दौर की मतगणना के बाद जन सुराज के प्रत्याशी प्रो. सुरेश राय 2,574 मतों के साथ आगे चल रहे थे। कांग्रेस के निवर्तमान विधान पार्षद डॉ. मदन मोहन झा को 2,187 मत मिले थे, जबकि वामपंथी प्रत्याशी रामदेव राय को 1,498 मत प्राप्त हुए थे। जनता दल (यूनाइटेड) के प्रत्याशी घनश्याम राय 812 मतों के साथ पीछे चल रहे थे।

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना पूर्णिया स्थित जिला स्कूल में जारी थी। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा प्रत्याशी डॉ. एनके यादव 2,396 मतों के साथ आगे थे। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी नीतेश कुमार यादव को 1,410 मत मिले थे, जबकि जन सुराज के प्रत्याशी रजनीश रंजन 1,608 मतों के साथ दूसरे स्थान पर थे।

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज के प्रत्याशी अफाक अहमद और जदयू प्रत्याशी पुष्कर आनंद के बीच करीबी मुकाबला बताया गया। इस सीट पर अंतिम परिणाम की प्रतीक्षा थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित