नयी दिल्ली , अक्टूबर 26 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सदस्य संजय यादव ने बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त को सोमवार को पत्र लिखा है।

इन आठ सीटों में चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।

श्री यादव ने अपने पत्र में मतगणना के दौरान संभावित अनियमितताओं और विवादों को रोकने के लिए निर्वाचन आयोग से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि मतगणना की प्रक्रिया निर्धारित चुनावी नियमों के अनुरूप निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी की जानी चाहिए। पत्र में उन्होंने संदिग्ध मतपत्रों की वैधता पर प्रथम वरीयता की गिनती शुरू होने से पहले निर्णय लेने, मतपत्रों पर अनधिकृत निशान लगाने पर रोक लगाने और मतदान में इस्तेमाल होने वाले बैंगनी रंग के पेन को मतगणना केंद्रों पर प्रतिबंधित करने की मांग की है।

उन्होंने मतपत्रों की वैधता निर्धारित करने में एकसमान मानकों का पालन करने पर भी जोर दिया, ताकि किसी मतपत्र को मनमाने ढंग से अमान्य घोषित न किया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित