पटना , सितम्बर 11 -- बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शुक्रवार को सदन के सदस्यों एवं पूर्व सदस्यों की सुविधा के लिए मोबाइल ऐप आधारित 'सिंगल विंडो सिस्टम' विकसित करने के निर्देश विधानसभा के प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह को दिए हैं।

डॉ. प्रेम कुमार ने आज यहां कहा कि ऐसा मोबाइल ऐप विकसित किया जाएगा , जिसके माध्यम से सदस्यों एवं पूर्व सदस्यों को विभिन्न सुविधाओं, सेवाओं और आवश्यक जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि ऐप के माध्यम से यात्रा एवं दैनिक भत्ता, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, अतिथि निवास सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सदस्य और पूर्व सदस्य मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी सुविधाओं और आवेदनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा विधानसभा सचिवालय द्वारा व्हाट्सऐप और संदेश के माध्यम से भी सदस्यों एवं पूर्व सदस्यों को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

अध्यक्ष ने कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से विधानसभा सचिवालय की सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और सदस्य-केंद्रित बनाया जाएगा।

डॉ. कुमार ने बताया कि उनके निर्देश के आलोक में प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह ने इस दिशा में तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित