, July 20 -- पटना, बिहार विधानसभा परिसर में मॉनसून सत्र के पहले दिन पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के साथ भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) एवं विपक्षी विधायकों ने प्रदर्शन किया।

भाकपा-माले विधायक दल के नेता अरुण सिंह, विधान पार्षद शशि यादव एवं विधायक संदीप सौरभ ने अपने हाथों में पेपर लीक, नई शिक्षा नीति 2020 को खारिज करने तथा धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए पोस्टर ले विधानसभा के परिसर में प्रदर्शन किया।

इस प्रदर्शन के दौरान भाकपा- माले नेता श्री सिंह ने कहा कि पेपर लीक इस सरकार की नियति बन गई है। जंतर मंतर पर छात्र अनशन कर रहे हैं और सरकार ने चुप्पी साध ली है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक की वजह से बहुत से छात्रों की जान गई है उसकी जवाबदेही धर्मेंद्र प्रधान लें और इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को जबरन हिरासत में रखा गया है। आज जब छात्र शांतिपूर्वक पार्लियामेंट मार्च के लिए निकले तो उनपर बेरहमी से लाठियां चलाई गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी तानाशाहों की तरह छात्रों के साथ पेश आ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित