पटना , नवंबर 07 -- बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से चार दिसंबर तक आहूत होगाराज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने संविधान के अनुच्छेद 174 के तहत बिहार विधानसभा का सत्र आहूत किया है। सत्र की शुरुआत 30 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे विधानसभा भवन, पटना में होगी। चार दिसंबर तक चलने वाले इस सत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी पर चर्चा, मतदान और तत्संबंधी विनियोग विधेयक का व्यवस्थापन किया जाएगा।

विधानसभा सचिवालय की ओर से आज जारी अधिसूचना के अनुसार 30 नवंबर को शपथ ग्रहण या प्रतिज्ञान (यदि हो), बिहार विधानमंडल के सत्र में नहीं रहने की अवधि में राज्यपाल द्वारा प्रख्यापित अध्यादेशों की प्रमाणीकृत प्रतियां सदन पटल पर रखे जाने तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 की द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी का उपस्थापन किया जाएगा। इसी दिन शोक प्रकाश भी किया जाएगा।

एक और दो दिसंबर को राजकीय विधेयक एवं अन्य राजकीय कार्यों का निष्पादन होगा। तीन दिसंबर को द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी पर वाद-विवाद, मतदान और उससे संबंधित विनियोग विधेयक का व्यवस्थापन किया जाएगा। वहीं, चार दिसंबर को गैर सरकारी सदस्यों के कार्य के तहत गैर सरकारी संकल्प लिए जाएंगे।

विधानसभा सचिवालय ने स्पष्ट किया है कि सत्र की विभिन्न बैठकों के लिए निर्धारित कार्यक्रम में आवश्यकता के अनुसार परिवर्तन किया जा सकता है। इस दौरान सदस्यों को समय-समय पर जारी कार्य-सूची और अन्य निर्देशों के अनुसार सदन की कार्यवाही में भाग लेना होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित