पटना , मार्च 15 -- िहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बिहार विधानसभा परिसर में बन रहे डिजिटल संग्रहालय साइट के भवन निर्माण का वरीय पदाधिकारीगण एवं मुख्य वास्तुविद के साथ निरीक्षण किया।

डॉ. प्रेम कुमार ने निरीक्षण के बाद डिजिटल संग्रहालय के रोडमैप को समझने के लिए पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक के दौरान पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मुख्य वास्तुविद ने डिजिटल संग्रहालय के ब्लूप्रिंट को अध्यक्ष के समक्ष रखा, जिसमें उन्होंने अध्यक्ष को अवगत कराया कि निर्माणाधीन डिजिटल संग्रहालय का ब्लूप्रिंट वर्तमान विधान सभा भवन के तर्ज पर तैयार किया जा रहा है ।

डॉ. प्रेम कुमार ने मुख्य वास्तुविद को इस ब्लूप्रिंट में बदलाव करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराना विधानसभा भवन आजादी के पूर्व ब्रिटिश हुकूमत द्वारा बनाया गया है, जिसमें पाश्चात्य संस्कृति की झलक दिखती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई संसद भवन को इस प्रकार से बनवाया है कि उसमें नए भारत की तस्वीर परिलक्षित होती है । बिहार विधानसभा डिजिटल संग्रहालय का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने किया है। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि बिहार विधान सभा डिजिटल संग्रहालय का ब्लूप्रिंट ऐसा होना चाहिए जो भारत एवं बिहार की संस्कृति खुद में समाहित करता हो।

विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्य वास्तुविद को बिहार विधान सभा डिजिटल संग्रहालय के नए ब्लूप्रिंट तैयार करने के दौरान हरियाली का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पदाधिकारियों के साथ बिहार विधान सभा की प्रभारी सचिव श्रीमती ख्याति सिंह उपस्थित थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित