पटना , सितंबर 17 -- राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) सम्मेलन में भाग लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन पहुंचे बिहार के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गुरुवार को दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन मनाया।
बिहार विधानसभा सचिवालय से जारी सूचना के अनुसार, उन्होंने श्री मोदी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
डॉ. कुमार ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन राष्ट्र सेवा, संकल्प और अंत्योदय की भावना के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है।
डॉ. कुमार ने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामरिक, तकनीकी और सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है तथा वैश्विक मंच पर देश की प्रतिष्ठा और प्रभाव को नई ऊंचाई मिली है।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के विकास और सशक्तीकरण पर विशेष बल दिया गया है। गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के हित में किए गए प्रयासों से समावेशी विकास तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को गति मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित