, Feb. 2 -- राज्यपाल ने बताया कि वर्ष 2020 से 'सात निश्चय-2' के अंतर्गत ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट, हर खेत तक सिंचाई का पानी, मुफ्त दवाइयां और मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना जैसी योजनाओं पर काम किया गया। उन्होंने कहा कि ये योजनायें प्रगति पर है और इनके अंतर्गत शेष कार्य शीघ्र पूरे कर लिए जाएंगे।

श्री खान ने कहा कि 'सात निश्चय-2' के तहत सरकार ने 2020 में 10 लाख सरकारी नौकरियां और 10 लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया था और इसके तहत 2025 के अंत तक 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और 40 लाख लोगों को रोजगार मिला, जिससे कुल 50 लाख युवा लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि नई सरकार आने के बाद अगले पाँच वर्षों में एक करोड़ नौकरियों और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

राज्यपाल ने कहा कि सभी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की 'प्रगति यात्रा' के तहत जिला स्तर पर विकास में कमी को दूर करने के लिए 430 नई योजनाओं को स्वीकृति दी गई, जिन पर सभी जिलों में काम शुरू हो चुका है।

राज्यपाल श्री खान ने कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार को निरंतर सहयोग दे रही है। उन्होंने कहा कि जुलाई 2024 के केंद्रीय बजट में बिहार के लिए सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन और बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़े आवंटन की घोषणा की गई थी। फरवरी 2025 के बजट में मखाना बोर्ड की स्थापना, नए हवाई अड्डों और पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता की घोषणाएं की गईं। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्ष बिहार में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स प्रदेश के लिए गर्व का विषय था और इसके लिए राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित