, Feb. 28 -- उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने निर्देश दिया है कि नगर प्रशासक जीईएम पोर्टल और बाजार दर की समीक्षा करें और क्रय दर बाजार दर से ज्यादा न हो, यह सुनिश्चित कर ही खरीद की अनुमति दें।

इसी क्रम में खगड़िया नगर परिषद को निर्देश दिया गया कि जीईएम पोर्टल के माध्यम से जिन सेवाओं /सामग्रियों का क्रय बाजार मूल्य से अधिक दर पर किया गया है, ऐसे सभी क्रयादेश लिखित रूप से स्थगित कर दें। साथ ही, निर्देश दिया कि उक्त क्रयादेश के विरुद्ध किसी प्रकार की आपूर्ति नहीं ली जाए और ना ही भुगतान किया जाए।

नगर परिषद खगड़िया ने इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए जीईएम पोर्टल से निर्धारित बाजार मूल्य से अधिक में क्रय की गई सेवाओं/ सामग्रियों को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है।

उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जीईएम पोर्टल पर उपलब्ध वस्तुओं एवं सेवाओं की खरीद निर्धारित वित्तीय नियमों, प्रचलित दिशा निर्देशों तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही की जाएगी।

गौरतलब है कि कई नगर निकायों से ऐसी शिकायतें मिली हैं कि जीईएम पोर्टल के माध्यम से सामग्री क्रय के लिये एक ही परिवार के अलग-अलग सदस्यों के नाम पर कंपनियाँ पंजीकृत कर निविदा प्रक्रिया को प्रभावित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित