, April 6 -- राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से राज्य के सभी भूमि सुधार उप समाहर्ताओं (डीसीएलआर) की राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक 07 अप्रैल को आयोजित की जाएगी।
विभाग के उप सचिव देवेश कुमार की ओर से जारी पत्र के अनुसार, यह बैठक वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति के बाद विभिन्न राजस्व एवं भूमि सुधार से जुड़े कार्यों की समीक्षा के उद्देश्य से बुलाई गई है। बैठक दो चरणों में आयोजित होगी।
पहले सत्र में प्रधान सचिव सीके अनिल द्वारा विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इस दौरान दाखिल-खारिज अपील वाद, बीएलडीआर वाद तथा मापी अपील वादों के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। विशेष रूप से 01 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक माहवार निष्पादित वादों की संख्या तथा संबंधित अधिकारियों के पदस्थापन के बाद से अब तक किए गए निष्पादन का आकलन किया जाएगा।इसके अतिरिक्त बैठक में राजस्व वसूली की स्थिति, लैंड बैंक के लिए चिन्हित भूमि का सत्यापन, अंचल एवं हल्का स्तर पर किए गए निरीक्षण तथा अन्य प्रशासनिक विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
बैठक के दूसरे सत्र में भूमि सुधार उपसमाहर्ताओं के लिए कोर्ट केस ऑर्डर लिखने का टेस्ट आयोजित किया जाएगा तथा आवश्यकता अनुसार प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे न्यायिक कार्यों की गुणवत्ता और दक्षता को और बेहतर बनाया जा सके। साथ ही उन्हें अपने-अपने डोंगल, लैपटॉप तथा 4 से 5 कोर्ट केस से संबंधित तथ्यों के साथ बैठक में उपस्थित होने को कहा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित