पटना , जून 12 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने शुक्रवार को बिहार लोक भवन में समय-समय पर विविध विषयों पर आयोजित किये जाने वाले सेमिनारों में महिला इमदाद कमिटी की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राज्यपाल को महिला इमदाद कमिटी की बैठक में बताया गया कि कमिटी की ओर से माह जुलाई, 2026 में बिहार लोक भवन ''रिस्टोरिंग चाइल्डहुड-प्रिवेन्टिंग ड्रग एब्यूज एण्ड रिइंटीग्रेशन ऑफ चिल्ड्रेन इन नीड ऑफ केयर एण्ड प्रोटेक्शन'' विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया जायेगा। इसमें निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले प्रत्येक विश्वविद्यालय के पाँच-पाँच विद्यार्थी भी भाग लेंगे। कमिटी कि ओर से अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को बिहार लोक भवन में योग शिविर का आयोजन भी कराया जायेगा।

बैठक में बताया गया कि महिला इमदाद कमिटी के प्रशिक्षण केन्द्र में महिलाओं और बच्चों के लिए डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा एवं कृत्रिम साक्षरता से संबंधित एड ऑन पाठ्यक्रम का संचालन भी किया जायेगा।

बैठक में लेडी गवर्नर श्रीमती सबीहा हसनैन ने महिला इमदाद कमिटी की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के भी निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि लेडी गवर्नर महिला इमदाद कमिटी की पदेन अध्यक्ष होती हैं।

बिहार लोक भवन में आयोजित इस बैठक में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, महिला इमदाद कमिटी के पदाधिकारी तथा राज्यपाल सचिवालय के पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित