पटना , अगस्त 04 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) की अध्यक्षता में बिहार लोक भवन में अग्निवीरों की सेवा अवधि पूर्ण होने के उपरांत उनके सम्मानजनक पुनर्वास एवं सार्थक समायोजन के संबंध में एक बैठक आयोजित की गई।
राज्यपाल ने इस बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि अग्निवीरों के अनुशासन, प्रशिक्षण एवं कौशल का उपयोग आपदा प्रबंधन से संबंधित कार्यों, विशेषकर अग्निकांड जैसी आपात स्थितियों से निपटने तथा विद्यालयों, होटलों एवं अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व आपदा पूर्व तैयारी आदि में किया जा सकता है।
बैठक में स्माइल एंड शो अप फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की ओर से ''प्रोजेक्ट अवतार (एआई एडवांसमेंट ऐट रूट्स) पर एक प्रस्तुति दी गई। इस बैठक में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, बिहार सरकार के अधिकारियों, कमांडेंट जनरल, होम गार्ड एवं अग्निशमन सेवाएँ, बिहार तथा बिहार लोक भवन के अधिकारियों ने भाग लिया और अग्निवीरों के लिए स्थायी एवं सम्मानजनक अवसरों के सृजन पर विचार-विमर्श किया।
इस बैठक के दौरान सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र निर्माण में अग्निवीरों के अनुशासन, कौशल और नेतृत्व क्षमता का सर्वाेत्तम उपयोग सुनिश्चित करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित