, June 3 -- प्रखंडों में लोगों को एक ही छत के नीचे सभी प्रशासनिक सुविधाएं देने के लिए अत्याधुनिक 'प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों' का कार्य प्रगति पर है। भोजपुर के तरारी, आरा सदर, पीरो, सहार, उदवंतनगर और कोइलवार एवं अरवल के कुर्था और अरवल सदर में 'प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों' की नींव, ढलाई और संरचना आदि का कार्य चल रहा है। शेखपुरा के चेवाड़ा प्रखंड में 30.74 करोड़ की लागत से प्रखंड-सह-अंचल-सह आवासीय भवन का निर्माण किया जा रहा है, जहां छत की शटरिंग का कार्य प्रगति पर है। विभाग द्वारा कमजोर और वंचित वर्गों के छात्रों के लिए आवासीय शिक्षण संस्थानों का निर्माण किया जा रहा है। औरंगाबाद के कुटुम्बा और मदनपुर में 720-720 आसन वाले डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य संरचना स्तर पर पूर्ण कर लिया गया है और प्लास्टर का काम जारी है । संबंधित अभियंताओं को काम में तेजी लाने के लिए सख्त निदेश दिए गए।
कैमूर के रामगढ़ और दुर्गावती प्रखंड में 100-100 आसन वाले राजकीय कल्याण छात्रवासों के भवनों की संरचना का कार्य पूर्ण कर फिनिशिंग की जा रही है। अरवल जिले में नई प्रस्तावित मंडल कारा के विभिन्न आवासीय और प्रशासनिक भवनों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। भागलपुर के कहलगांव में 42.37 करोड़ की लागत से उप-कारा के तहत 198 कैदियों की क्षमता वाले बैरक, चिकित्सालय और प्रशासनिक खंड का ढांचा तैयार किया जा रहा है ।
जहानाबाद में 500 क्षमता वाले विशाल सभागार का ट्रस लेवल तक ढलाई कार्य पूर्ण कर लिया गया है । वहीं, नवादा में जिला अतिथि गृह परिसर में अतिरिक्त 8 कमरों वाले आधुनिक गेस्ट हाउस का काम लगभग पूरा हो चुका है और वर्तमान में सेनेटरी तथा फायर फाइटिंग का काम चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित