पटना , नवंबर 01 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा है कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और बिहार को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनाने के उद्देश्य से 20 नए खेल परिसर बनाए जा रहे हैं और भविष्य में राज्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

श्री चौधरी ने रविवार को पाटलिपुत्र खेल परिसर, पटना में 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता-2026 का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। एक से चार नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बिहार आए खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों का स्वागत किया तथा प्रतिभागियों से मुलाकात कर उनका परिचय प्राप्त किया और प्रतियोगिता में सफलता की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि बिहार की धरती पर राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का आयोजन हम सभी के लिए गौरव का क्षण है। देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों का बिहार में हार्दिक स्वागत है। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित