, Sept. 30 -- मंत्री ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया है।इस बैठक में बताया गया कि खरीफ विपणन मौसम 2025-26 में पटना प्रमंडल के छह जिलों में 11.16 लाख मीट्रिक टन के लक्ष्य के विरुद्ध 11.14 लाख मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति हुई, जो लक्ष्य का 99.88 प्रतिशत है। भोजपुर और रोहतास में 100 प्रतिशत, बक्सर में 99.99 प्रतिशत, कैमूर और पटना में 99.95 प्रतिशत तथा नालंदा में 99.17 प्रतिशत अधिप्राप्ति हुई।
अधिप्राप्त धान से तैयार चावल में 98.68 प्रतिशत की आपूर्ति राज्य खाद्य निगम को की जा चुकी है।
मंत्री ने शेष चावल की शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
इस मौके पर बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत जिलावार क्षेत्र निरीक्षण एवं सत्यापन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। भोजपुर में बड़ी संख्या में क्षेत्र निरीक्षण लंबित पाए जाने पर मंत्री ने कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। वित्तीय वर्ष 2025-26 तक स्वीकृत गोदामों के निर्माण की समीक्षा में रोहतास और कैमूर में तीन-तीन गोदाम स्वीकृत पाए गए। इनके निर्माण का कार्य विभिन्न चरणों में है। मंत्री ने निर्माण कार्य में तेजी लाकर योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है।
कॉमन सर्विस सेंटर की समीक्षा में बताया गया कि पटना प्रमंडल के छह जिलों में कुल 1,348 पैक्स में से 1,116 के आईडी बनाए जा चुके हैं। इनमें 1,024 सक्रिय आईडी हैं। 20 सितंबर 2026 तक इन पैक्स के माध्यम से 17,003 लेन-देन हुए, जिनकी कुल राशि करीब 33.62 करोड़ रुपये है।
बैंक मित्र योजना के तहत पटना प्रमंडल के चार जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों के लिए 230 एमएटीएम स्वीकृत हैं। इनमें से 144 एमएटीएम बैंक मित्रों को वितरित किए जा चुके हैं।
बैठक में सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह, निबंधक, सहयोग समितियां राजनीश कुमार सिंह सहित पटना प्रमंडल और मुख्यालय के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित