, Jan. 29 -- कार्यक्रम के दौरान दलहन फसलों की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती पद्धतियों, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा उत्पादन बढ़ाने की आधुनिक तकनीकों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।इसी क्रम में सारण जिले के मांझी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में दो दिवसीय किसान मेला (कृषि मेला) का सफल आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 500 किसानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मेले में जनप्रतिनिधियों, जिला कृषि पदाधिकारी, कृषि वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, नवीन किस्मों, सरकारी योजनाओं तथा आधुनिक खेती पद्धतियों की जानकारी दी गई। साथ ही सब्ज़ियों, फलों, स्थानीय खाद्य पदार्थों एवं कृषि आधारित उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे किसानों एवं आगंतुकों ने काफी सराहा। प्रदर्शनी के माध्यम से मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण एवं विपणन की संभावनाओं पर भी उपयोगी चर्चा की गई तथा किसानों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनके अनुभव, समस्याएँ एवं सुझाव प्राप्त किए गए।
कृषि मंत्री ने बताया कि नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन एंड टेक्नोलॉजी के अंतर्गत संचालित सब-मिशन ऑन एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन (आत्मा योजना) के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले के भीतर किसान परिभ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस क्रम में किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र, अधौरा द्वारा आयोजित तकनीकी सप्ताह कार्यक्रम में परिभ्रमण कराया गया, जिसमें चाँद, चैनपुर, भगवानपुर, रामपुर एवं दुर्गावती प्रखंडों से चयनित कुल 150 किसानों ने सहभागिता की।
कृषि विज्ञान केंद्र, अधौरा में आयोजित तकनीकी सप्ताह के दौरान अजोला एवं वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन, ड्रिप सिंचाई प्रणाली, मल्चिंग विधि से सब्जी उत्पादन, मशरूम उत्पादन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती सहित आधुनिक कृषि तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को इन तकनीकों के माध्यम से खेती की लागत कम कर उत्पादन एवं आय बढ़ाने के उपाय बताए गए। किसानों एवं वैज्ञानिकों के बीच प्रत्यक्ष संवाद से आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियाँ अपनाने के प्रति किसानों में जागरूकता और उत्साह देखा गया।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित ये सभी कार्यक्रम किसानों को ज्ञान, तकनीक और नवाचार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, जो कृषि क्षेत्र को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने में निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित