पटना, मई 14 -- पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने गुरूवार को कहा कि बिहार में हरित आवरण को बढ़ाकर 17 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मंत्री डॉ रामचंद्र प्रसाद ने गुरूवार को विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान विभाग के वरीय पदाधिकारियों ने पीपीटी के माध्यम से विभागीय कार्यों, योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी मंत्री को दी। मंत्री ने विभागीय कार्यों की विस्तार से जानकारी प्राप्त करते हुए विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की तथा पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश दिए।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने कहा कि बंटवारे के समय बिहार में हरित आवरण मात्र सात प्रतिशत के करीब था। उन्होंने कहा कि अब बिहार में हरित आवरण बढ़कर 15 प्रतिशत हो गया है। इसे जल्द ही 17 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है। विभाग इसके लिए बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर रहा है और इसमें भागीदारी निभाने के लिए आम लोगों से अपील भी कर रहा है। इसके साथ ही हरित क्षेत्र को बढ़ाने तथा ईको टूरिज्म को विकसित करने के लिए सरकार प्रयासरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित